रायगढ़-जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। ऑपरेशन प्रहार के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 चक्का ट्रक से 23 टन 880 किलोग्राम स्क्रैप कबाड़ बरामद किया है। कबाड़ की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 57 हजार रुपये बताई गई है।
ट्रक समेत जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 18 लाख रुपये है।पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर को मुखबिर से इत्तिला मिली थी कि एक ट्रक में भारी मात्रा में स्क्रैप लोड कर ओडिशा से रायगढ़ लाया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने रायगढ़ इस्पात प्लांट की ओर जाने वाली मेन रोड पर घेराबंदी की और संदिग्ध ट्रक OR 15 R 2257 को रोककर तलाशी ली।
जांच के दौरान ट्रक में भारी मात्रा में स्क्रैप मिला। पुलिस ने चालक से कबाड़ के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वह वैध कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद स्क्रैप का वजन कराया गया, जिसमें कुल 23.880 टन कबाड़ पाया गया।पूछताछ में चालक की पहचान स्युवीर सिंह (51), निवासी संबलपुर, ओडिशा के रूप में हुई।
चालक ने बताया कि वह संबलपुर के ग्राम रैमण्ड से स्क्रैप लेकर रायगढ़ इस्पात प्लांट में खाली करने जा रहा था।पुलिस ने कबाड़ और ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 53/2026 के तहत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।
इस पूरी कार्रवाई में पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि जिले में अवैध कबाड़ के कारोबार पर नकेल कसने की मुहिम आगे भी जारी रहेगी और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।