साहू समाज की आपत्ति के बाद स्थिति स्पष्ट, तेलीबांधा चौक का नाम यथावत रहेगा

Spread the love

रायपुर-तेलीबांधा चौक का नाम बदलकर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ किए जाने को लेकर चल रही चर्चाओं और भ्रम पर अब स्थिति स्पष्ट हो गई है। रायपुर नगर निगम ने साफ किया है कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जाएगा।

इस संबंध में छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे और निगम आयुक्त संबित मिश्रा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने तेलीबांधा चौक के नाम को लेकर समाज की भावनाओं और आपत्ति से निगम अधिकारियों को अवगत कराया।

दूसरे चौक का होगा नामकरण

नगर निगम में हुई चर्चा के दौरान महापौर मीनल चौबे ने स्पष्ट किया कि ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ का नाम तेलीबांधा चौक के स्थान पर नहीं रखा जा रहा है। यह नाम रिंग रोड और तेलीबांधा थाना के तिराहे पर स्थित दूसरे चौक को दिया जाएगा।इस स्पष्टीकरण के बाद तेलीबांधा चौक का नाम बदले जाने को लेकर बनी स्थिति साफ हो गई है।

मुख्यमंत्री भी कर चुके हैं स्थिति स्पष्ट

इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी स्पष्ट किया है कि तेलीबांधा चौक का नाम किसी भी परिस्थिति में नहीं बदला जाएगा। मुख्यमंत्री के स्पष्टीकरण के बाद साहू समाज की ओर से भी मामले में स्थिति स्पष्ट होने की बात कही गई।

प्रतिनिधिमंडल में ये पदाधिकारी रहे शामिल

महापौर और निगम आयुक्त से मुलाकात करने वाले साहू समाज के प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कोषाध्यक्ष गोपाल साहू, प्रदेश संयुक्त सचिव प्रदीप साहू, प्रदेश अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ शशिकांत साहू, जिला कार्यवाहक अध्यक्ष दिलीप साहू, एमआईसी सदस्य संतोष साहू, महामंत्री कमलनारायण साहू और संभाग संयोजक मनीष साहू सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *