रांची/चक्रधरपुर। झारखंड के चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मुंबई-शालीमार समरसता एक्सप्रेस के टॉयलेट में एक अज्ञात यात्री का शव मिला। टॉयलेट का दरवाजा काफी देर तक बंद रहने के बाद जब उसे खुलवाया गया, तो अंदर का मंजर देखकर यात्री और रेलकर्मी हैरान रह गए।
बंद टॉयलेट का दरवाजा खुला तो सामने आई घटना
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 12151 के स्लीपर कोच S7 का टॉयलेट काफी देर तक बंद था। इस्तेमाल के लिए इंतजार कर रहे यात्रियों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद अनहोनी की आशंका में टीटीई को सूचना दी गई। रेलवे कंट्रोल रूम को जानकारी मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और मेडिकल टीम को अलर्ट किया गया।
गमछे के सहारे लटका मिला शव
शनिवार सुबह करीब 7:50 बजे ट्रेन के चक्रधरपुर स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ और जीआरपी ने टॉयलेट का दरवाजा खुलवाया। अंदर एक व्यक्ति गमछे के सहारे फंदे से लटका मिला। मौके पर पहुंची चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। स्टेशन मास्टर और अन्य रेलकर्मियों की मदद से शव को नीचे उतारा गया।
मृतक की पहचान में जुटी जीआरपी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यात्री अकेले सफर कर रहा था। उसके साथ कोई परिचित या परिजन मौजूद नहीं था। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। वह कहां से ट्रेन में सवार हुआ था और उसे किस स्टेशन तक जाना था, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है।जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की तफ्तीश कर रही है। मौत की वास्तविक वजह और घटना की परिस्थितियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।
आधे घंटे तक स्टेशन पर रुकी रही ट्रेन
घटना के चलते चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर समरसता एक्सप्रेस करीब आधे घंटे तक रुकी रही। फिलहाल मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मृतक की पहचान करने और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में जुटी है।