WPL 2027 ऑक्शन में छत्तीसगढ़ की दो बेटियों पर रहेंगी नजरें, पलक सिंह और श्रेया श्रीवास का नाम शामिल

Spread the love

रायपुर। छत्तीसगढ़ की दो युवा महिला क्रिकेटरों ने अपने प्रदर्शन से प्रदेश का नाम रोशन करने की दिशा में एक और अहम कदम बढ़ाया है। पलक सिंह और श्रेया श्रीवास को महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2027 के ऑक्शन के लिए चुने गए 146 खिलाड़ियों की सूची में जगह मिली है। दोनों खिलाड़ियों के चयन से प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है और अब सभी की निगाहें आगामी नीलामी पर टिकी हैं।

पलक सिंह की रफ्तार ने खींचा ध्यान

छत्तीसगढ़ की युवा तेज गेंदबाज पलक सिंह ने पिछले सीजन में आठ मैच खेलकर पांच विकेट हासिल किए थे। उनकी गेंदबाजी की रफ्तार ने भी खास पहचान दिलाई। जानकारी के मुताबिक, WPL स्पीड क्वीन प्रतियोगिता में पलक ने 106 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंककर गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। अब ऑक्शन की सूची में शामिल होना उनके करियर के लिए एक अहम मौका माना जा रहा है।

श्रेया श्रीवास की फिरकी का जलवा

वहीं, बाएं हाथ की धीमी गति की गेंदबाज श्रेया श्रीवास ने पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 विकेट झटके थे। उनकी गेंदबाजी ने चयनकर्ताओं और क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा। श्रेया की इस कामयाबी ने छत्तीसगढ़ की उभरती महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को नई पहचान दी है।

10 लाख रुपये के बेस प्राइस में दोनों खिलाड़ी

28 अक्टूबर को केरल के कोच्चि में होने वाले WPL 2027 ऑक्शन के लिए कुल 146 खिलाड़ियों को सूची में शामिल किया गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस सूची में 22 भारतीय कैप्ड, 14 विदेशी कैप्ड, 97 भारतीय अनकैप्ड और 13 विदेशी अनकैप्ड खिलाड़ी हैं।ऑक्शन में खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग बेस प्राइस श्रेणियां निर्धारित की गई हैं।

पलक सिंह और श्रेया श्रीवास दोनों को 10 लाख रुपये की बेस प्राइस श्रेणी में रखा गया है। अब देखना होगा कि नीलामी के दौरान किस टीम की नजर इन युवा खिलाड़ियों पर पड़ती है और क्या उन्हें महिला प्रीमियर लीग में खेलने का मौका मिलता है।छत्तीसगढ़ की इन दोनों खिलाड़ियों के चयन से प्रदेश की महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं। अब ऑक्शन में उनकी किस्मत का फैसला होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *