पुलिस स्मृति दिवस: केदार कश्यप ने शहीद जवानों को किया नमन, परिजनों से मिलकर जताई संवेदना

Spread the love

जगदलपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ में शांति और सुरक्षा कायम रखने के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिस जवानों का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। विषम परिस्थितियों में कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए जवानों का साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा के प्रति जज्बा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। यह बात वन मंत्री केदार कश्यप ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर कही।

अमर शहीद वाटिका में शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

पुलिस स्मृति दिवस पर वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता और संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने जगदलपुर स्थित अमर शहीद वाटिका में शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।

मंत्री कश्यप ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नागरिकों की हिफाजत करने और समाज में अमन-चैन कायम रखने के लिए पुलिस के जवान कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। उनकी शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

शहीदों के परिजनों से मिले वन मंत्री

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान केदार कश्यप ने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके धैर्य और साहस को प्रेरणादायी बताया।मंत्री ने कहा कि किसी परिवार के लिए अपने प्रियजन को खोने का दुख अपूरणीय होता है। ऐसे में शहीद जवानों के परिवारों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सहयोग बनाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

शहीदों के आदर्शों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि

केदार कश्यप ने कहा कि शहीद जवानों की स्मृतियों को संजोना और उनके बलिदान को सम्मान देना हम सभी का दायित्व है। शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित भाव से काम करेंगे।कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर नगर निगम के महापौर संजय पाण्डे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *