रायपुर। दीपावली की रात जब एक परिवार मां लक्ष्मी की पूजा में लीन था, तभी चोरों ने घर में दाखिल होकर सोने-चांदी के कीमती आभूषण और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के चलते आरोपियों की यह करतूत ज्यादा देर तक छिप नहीं सकी।
गुढ़ियारी पुलिस और ACCU की टीम ने वारदात की रिपोर्ट मिलने के एक घंटे से भी कम समय में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 2.97 लाख रुपये का शत-प्रतिशत मशरूका भी बरामद कर लिया है।
लक्ष्मी पूजा के दौरान खुला रह गया था दरवाजा
मामला रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के नया मंगल बाजार का है। जानकारी के मुताबिक, दीपावली के अवसर पर प्रार्थिया ने पूजा के लिए सोने-चांदी के आभूषण और नगदी रकम घर के पूजा घर में रखी थी। धार्मिक आस्था के चलते पूजा घर का दरवाजा खुला रखा गया था। इसी का फायदा उठाकर आरोपी घर में घुसे और कीमती जेवरात व नगदी लेकर फरार हो गए।
घटना के दौरान प्रार्थिया के पति रात में बाथरूम जाने के लिए उठे थे।इसी दौरान उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को चोरी कर घर से निकलते हुए देखा। इसके बाद मामले की शिकायत गुढ़ियारी थाने में दर्ज कराई गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, घंटेभर में आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के नेतृत्व में एडीसीपी आदित्य पांडे और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम सक्रिय हुई।
थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र साहू के नेतृत्व में गुढ़ियारी पुलिस और ACCU की टीम ने संदिग्ध के हुलिए के आधार पर आसपास पतासाजी शुरू की।पुलिस ने संदेह के आधार पर दो युवकों से पूछताछ की, जिसमें चोरी की वारदात का खुलासा हो गया। पुलिस ने शिकायत मिलने के एक घंटे से भी कम समय में दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
2.97 लाख का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2.50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 47 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। इस तरह पुलिस ने चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी करते हुए कुल करीब 2.97 लाख रुपये का मशरूका जप्त किया।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज हैं मामले
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नयन राजपूत (24 वर्ष), निवासी बच्चन चौक, कुंदरापारा और आर्यन चौहान (19 वर्ष), निवासी कलिंग नगर, गुढ़ियारी के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक, नयन राजपूत के खिलाफ चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत पहले से चार मामले दर्ज हैं।
वहीं आर्यन चौहान के खिलाफ लूट और आईटी एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं।पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान घर में रखे कीमती आभूषण और नगदी सुरक्षित स्थान पर रखें। घर की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।