विधायक यशोदा वर्मा की कार और बाइक में जोरदार भिड़ंत, दो लोग गंभीर; हादसे के बाद कार छोड़कर रवाना हुईं विधायक

Spread the love

दुर्ग। खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा की कार सोमवार को सड़क हादसे का शिकार हो गई। बोरी थाना क्षेत्र के मिलन चौक के पास विधायक की कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, विधायक यशोदा वर्मा की कार खैरागढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान लिटिया की तरफ से बोरी आ रही बाइक से कार की भिड़ंत हो गई। बाइक पर शिव वर्मा (50 वर्ष) और हेमंत पटेल (45 वर्ष) सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों को गंभीर चोटें आईं।

दुर्ग अस्पताल किया गया रेफर

हादसे के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दुर्ग अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों का उपचार जारी है।

कार मौके पर छोड़कर दूसरी बाइक से रवाना हुईं विधायक

हादसे के बाद विधायक यशोदा वर्मा अपनी कार को घटनास्थल पर छोड़कर दूसरी बाइक से रवाना हो गईं। इस घटनाक्रम को लेकर अब तक विधायक की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

एसडीओपी धमधा बीएम तिग्गा ने दुर्घटना की पुष्टि की है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *