रायपुर– राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र स्थित टाटीबंध बस्ती में तीन साल की मासूम बच्ची के साथ कथित यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने रायपुर एम्स (AIIMS) में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करने वाले आरोपी परमानन्द ध्रुव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रात करीब 2 बजे आरोपी को हिरासत में लिया।
पड़ोस में खेलने गई थी बच्ची
मिली जानकारी के अनुसार, टाटीबंध बस्ती की रहने वाली तीन साल की बच्ची पड़ोस में खेलने गई थी। इसी दौरान वह कथित तौर पर आरोपी के घर पहुंची, जहां उसके साथ यौन शोषण की घटना होने का आरोप है। आरोपी की पहचान परमानन्द ध्रुव के रूप में हुई है, जो साहू पारा, टाटीबंध बस्ती का निवासी है और रायपुर एम्स में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था।
पुलिस ने रात में की गिरफ्तारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की। डीसीपी वेस्ट रॉबिन्सन गुरिया, एडीसीपी राहुल देव शर्मा और एसीपी देवांश राठौर के निर्देशन में आमानाका थाना प्रभारी सुधांशु बघेल और उनकी टीम ने आरोपी को रात करीब 2 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत अपराध दर्ज किया है। तीन साल की बच्ची से जुड़े इस संवेदनशील मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है।
मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। बच्ची की पहचान और उसकी निजता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उससे जुड़ी व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की जानी चाहिए।