बीमारी दूर करने के बहाने घर पहुंचे बाबा, धीरे-धीरे खाली करवा दिया सोने-चांदी का खजाना!

Spread the love

रायपुर। राजधानी रायपुर में साधु-बाबा का भेष धरकर पूजा-पाठ के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीमारी और घरेलू परेशानियां दूर करने का भरोसा दिलाकर आरोपियों ने एक परिवार को अपने झांसे में लिया और धीरे-धीरे सोने-चांदी के जेवरात व नकदी ऐंठते रहे। इतना ही नहीं, परिवार को अनिष्ट और मौत का खौफ दिखाकर चुप रहने के लिए भी कहा गया। मामले में गंज थाना पुलिस ने ग्वालियर निवासी एक आरोपी और विधि से संघर्षरत एक बालक को पकड़ा है।

बीमारी और घरेलू परेशानियों का बनाया बहाना

पुलिस के मुताबिक, फाफाडीह स्थित जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स निवासी जसवंत परमार ने थाना गंज में शिकायत दर्ज कराई। उनकी पत्नी ने बताया कि मार्च 2026 में तीन अज्ञात साधु उनके घर पहुंचे थे। उन्होंने बीमारी, आंखों की परेशानी और घरेलू समस्याओं को लेकर ऐसी बातें कहीं, जिससे महिला को उन पर भरोसा हो गया।

इसके बाद कथित साधुओं ने पूजा-पाठ के जरिए समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाया। पहली बार पूजा के नाम पर सोने की अंगूठी और नकदी ली गई। करीब 10 से 12 दिन बाद आरोपी दोबारा घर पहुंचे और पूजा करने तथा जेवरात वापस करने का झांसा देकर सोने की चेन समेत अन्य सोने-चांदी के आभूषण लेते रहे।

अनिष्ट और मौत का डर दिखाकर रखा खामोश

आरोपियों ने महिला को धमकाया कि यदि उसने इस पूरे मामले की जानकारी किसी को दी तो परिवार के सदस्यों की मौत हो सकती है या कोई बड़ी अनहोनी हो जाएगी। इस खौफ के चलते महिला चुप रही। बाद में 7 सितंबर 2026 से आरोपी लगातार फोन कर और अधिक जेवरात व नकदी की मांग करने लगे।

इसके बाद महिला को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का शक हुआ।आरोपियों ने न तो कोई वास्तविक पूजा-पाठ कराया और न ही लिए गए आभूषण लौटाए। शिकायत के अनुसार, इस तरह करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और नकदी की ठगी की गई।

मोबाइल नंबरों की जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला और सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा ने आरोपियों की जल्द पतासाजी के निर्देश दिए।

थाना प्रभारी गंज निरीक्षक दीपक पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पीड़ित परिवार से पूछताछ की और आरोपियों के संपर्क में इस्तेमाल हुए मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी गुरुदयाल सिंह उर्फ दल्लू और विधि से संघर्षरत एक बालक को पकड़ा।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई और अन्य साथी के साथ मिलकर पूजा-पाठ का झांसा देकर ठगी करने की बात स्वीकार की।

3 लाख के जेवरात और मोबाइल फोन जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 ग्राम सोने के आभूषण और घटना में इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मामले में आरोपी और विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध आगे की कार्रवाई की है। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश जारी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने इसी तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं।

गिरफ्तार आरोपी: गुरुदयाल सिंह उर्फ दल्लू, पिता भरत सिंह, उम्र 22 वर्ष, निवासी नूरगंज, सेवा नगर, थाना किला गेट, जिला ग्वालियर (मध्यप्रदेश)।

पुलिस की अपील: पूजा-पाठ, बीमारी दूर करने या घरेलू समस्याओं के समाधान का दावा कर कीमती सामान मांगने वाले अज्ञात लोगों से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *