शिवपुरी में दो बहनों की दर्दनाक मौत: एक ने पति को खोया, दूसरी बहन के सदमे में 3 बच्चों संग कुएं में कूदी

Spread the love

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां दो सगी बहनों की अलग-अलग घटनाओं में मौत हो गई। पहली बहन ने पति की मौत के करीब डेढ़ महीने बाद अपने छह वर्षीय बेटे के साथ कुएं में छलांग लगा दी। इस घटना की खबर मिलने के बाद दूसरी बहन भी अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में कूद गई। दोनों घटनाओं में दो बहनों और चार बच्चों समेत छह लोगों की जान चली गई। दूसरी महिला आठ माह की गर्भवती भी थी। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।

पति की मौत के बाद तनाव में थी अंजली

जानकारी के मुताबिक, पहली घटना बुधवार को शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के गुंगरगांव में हुई। यहां 35 वर्षीय अंजली रावत ने कथित तौर पर अपने बच्चों को कुएं की ओर धकेला और खुद अपने छह वर्षीय बेटे प्रशांत को लेकर कुएं में छलांग लगा दी।

इस दौरान अंजली की बड़ी बेटी मोनिका ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को और अपनी दो छोटी बहनों को बचा लिया। वह तुरंत घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और अंजली व प्रशांत को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन दोनों की मौत हो चुकी थी।

परिजनों के मुताबिक, करीब डेढ़ महीने पहले सड़क हादसे में अंजली के पति धर्मवीर सिंह रावत की मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद से वह गहरे मानसिक तनाव में थीं।

बहन की मौत की खबर के बाद दूसरी घटना

दूसरी घटना सेसाई गांव से जुड़ी बताई जा रही है। अंजली की 40 वर्षीय सगी बहन सीता रावत बुधवार को अपने तीन बच्चों राखी (14), प्रियंका (11) और श्लोक (6) के साथ खोनकर गांव के एक खेत में गई थीं। शाम करीब छह बजे तक उनके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की।

खोजबीन के दौरान एक कुएं के पास चप्पलें और पानी में एक बच्चे का शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। देर रात करीब 11 बजे रेस्क्यू अभियान चलाकर सीता और उनके तीनों बच्चों के शव कुएं से बाहर निकाले गए।

पुलिस के मुताबिक, सीता आठ माह की गर्भवती थीं। इस घटना में उनके गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई।

दोनों बहनों के बीच था गहरा लगाव

परिजनों के अनुसार, अंजली और सीता के बीच बेहद गहरा लगाव था। दोनों अक्सर फोन पर एक-दूसरे से बात करती थीं। रिश्तेदारों ने आशंका जताई है कि अंजली की मौत की खबर से सीता गहरे सदमे में आ गई होंगी और इसी दुख में उन्होंने यह कदम उठाया।

हालांकि, दूसरी घटना के पीछे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने शुरू की जांच

दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है। शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू की गई है। पुलिस घटनाओं से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *