रांची: झारखंड की राजधानी रांची में मामूली विवाद के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। धुर्वा थाना क्षेत्र के जेपी मार्केट स्थित ‘टेस्टी अंदाज फूड कॉर्नर’ में मंगलवार, 17 नवंबर की रात ग्राहक और दुकान में काम करने वाले कारीगर के बीच हुई कहासुनी ने खौफनाक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि ग्राहक ने धारदार हथियार से कारीगर पर हमला कर दिया। इस वारदात में गंभीर रूप से घायल कारीगर अजय दास की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
फूड कॉर्नर में अचानक शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की रात टेस्टी अंदाज फूड कॉर्नर में रोजाना की तरह कामकाज चल रहा था। इसी दौरान एक ग्राहक और वहां काम करने वाले कारीगर अजय दास के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि ग्राहक नशे की हालत में था। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और आरोपी ने दुकान में रखे चाकू से अजय दास की गर्दन पर हमला कर दिया।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
हमले में अजय दास गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए पारस अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक मूल रूप से गिरिडीह का रहने वाला था और रांची में रहकर फूड कॉर्नर में काम करता था।
वारदात के बाद इलाके में मचा हड़कंप
फूड कॉर्नर में हुई इस वारदात के बाद जेपी मार्केट इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अचानक हुई हत्या की घटना से स्थानीय दुकानदारों और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। मामूली विवाद में एक युवक की जान जाने से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल इस वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि मामूली विवाद किस तरह गंभीर आपराधिक घटना में तब्दील हो सकता है।