रायपुर।साहू समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए एक खास अवसर सामने आया है। राजधानी में आगामी 6 दिसंबर 2026 को भव्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। संतोषी नगर स्थित मां कर्मा धाम में होने वाले इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से विवाह योग्य युवक-युवतियां शामिल होंगे। यहां उन्हें मंच से अपना परिचय देने और अपने लिए सुयोग्य जीवनसाथी तलाशने का अवसर मिलेगा। सम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। वहीं, प्रतिभागियों की सुविधा को देखते हुए पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 25 नवंबर 2026 कर दी गई है।
25 नवंबर तक युवक-युवतियां करा सकेंगे पंजीयन
शहर जिला साहू संघ, रायपुर के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन के लिए पहले पंजीयन की अंतिम तिथि 20 नवंबर निर्धारित की गई थी। हालांकि सामाजिक बंधुओं के आग्रह और अधिक से अधिक प्रतिभागियों को अवसर देने के उद्देश्य से संघ ने पंजीयन की तारीख में पांच दिन की बढ़ोतरी कर दी है। अब इच्छुक युवक-युवतियां 25 नवंबर 2026 तक अपना पंजीयन करा सकेंगे।
शहर जिला साहू संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष दिलीप साहू ने प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों और उनके परिजनों से निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीयन कराने की अपील की है।
‘मोर संगवारी’ पत्रिका में मिलेगी विवाह योग्य युवाओं की जानकारी
सम्मेलन का खास आकर्षण वैवाहिक परिचय पत्रिका ‘मोर संगवारी’ का विमोचन होगा। इस पत्रिका में पंजीकृत युवक-युवतियों का परिचय प्रकाशित किया जाएगा। इसकी प्रतियां संबंधित प्रतिभागियों को भी वितरित की जाएंगी। इससे युवक-युवतियों और उनके परिवारों को योग्य रिश्तों की तलाश में सहूलियत मिलेगी।
युवक-युवतियों और परिजनों के संवाद के लिए होगी अलग व्यवस्था
इस बार सम्मेलन में युवक-युवतियों के साथ उनके परिजनों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। परिवारों के आपसी संवाद और काउंसिलिंग के लिए अलग से बैठक व्यवस्था बनाई जाएगी। इसके जरिए दोनों पक्ष एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे और संभावित रिश्तों को लेकर खुलकर बातचीत कर सकेंगे।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव समेत कई दिग्गज होंगे शामिल
इस सामाजिक आयोजन में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू और छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. नीरेन्द्र साहू सहित प्रदेश साहू संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान पदाधिकारी अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सम्मेलन की तैयारियों में जुटे समाज के पदाधिकारी
आयोजन को सफल बनाने के लिए शहर जिला साहू संघ के पदाधिकारी लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। इसके साथ ही 10 परिक्षेत्रों और 70 वार्डों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, सामाजिक पार्षद, एल्डरमेन और समाज के सदस्य भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
प्रेसवार्ता में कार्यकारी अध्यक्ष लीलाधर साहू, जिला उपाध्यक्ष ऋषि साहू, उपाध्यक्ष किरण साहू, महामंत्री कमल नारायण साहू, गिरधर साहू, संगठन सचिव माखन लाल साहू और संपादक सुंदर लाल साहू सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
