झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में मामूली घरेलू कहासुनी ने खौफनाक रूप ले लिया। प्याज काटने की बात पर हुए विवाद में एक महिला की जान चली गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले महिला के सिर पर हंसिए से वार किया और फिर उसे छत से नीचे धकेल दिया। वारदात को हादसा बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई, लेकिन मां की शिकायत और CCTV फुटेज से मामले का खुलासा हो गया।
छत से गिरकर मौत की मिली थी सूचना
मामला झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। 15 अक्टूबर को पुलिस को दीपमाला नाम की महिला की छत से गिरकर मौत होने की सूचना मिली थी। शुरुआत में इसे दुर्घटना माना जा रहा था। हालांकि, 16 अक्टूबर को मृतका की मां गीताबाई ने हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तफ्तीश तेज कर दी।
पति की मौत के बाद आरोपी के साथ रह रही थी महिला
पुलिस के अनुसार, दीपमाला के पति सुरेश कहार की इसी साल 14 जनवरी को मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी नजदीकियां सुरेश के साथ काम करने वाले लालाराम आदिवासी से बढ़ीं और दोनों साथ रहने लगे। वे उन्नाव गेट के पास किराये के मकान में रह रहे थे।
प्याज काटने की बात पर खूनी विवाद
पुलिस की जांच के मुताबिक, 14 अक्टूबर की शाम मजदूरी से लौटने के बाद दोनों ने साथ बैठकर शराब पी और प्याज खाया। इसके बाद दोबारा प्याज काटने की बात पर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर लालाराम ने हंसिए से दीपमाला के सिर पर वार किया और फिर उसे छत से नीचे धकेल दिया। नीचे गिरने से महिला की मौत हो गई।
CCTV फुटेज से खुला राज, आरोपी गिरफ्तार
वारदात के बाद आरोपी ने महिला की मौत को हादसा बताने की कोशिश की। लेकिन मृतका की मां की शिकायत, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने वारदात कबूल की। पुलिस ने 17 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। रिपोर्ट के मुताबिक, घटना में इस्तेमाल हंसिया भी बरामद किया गया है।
फिलहाल, मामूली विवाद में महिला की मौत की इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।