कवर्धा की बेटी ने बढ़ाया देश-प्रदेश का मान

Spread the love

रायपुर-उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने अपने कवर्धा निवास कार्यालय में जूनियर महिला एशिया कप-2026 की विजेता भारतीय हॉकी टीम की सदस्य गीता यादव से मुलाकात कर उन्हें महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्होंने कहा कि आगे भी सफलता के नए कीर्तिमान प्राप्त करें। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कवर्धा की बेटी ने देश-प्रदेश का मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है। इस दौरान श्री शर्मा ने गीता से उनकी अब तक की खेल यात्रा, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुभव, प्रशिक्षण और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में विस्तार से बातचीत की।

कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने चीन के मोकी में आयोजित एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। भारतीय टीम ने 13 सितंबर को खेले गए रोमांचक फाइनल में मेजबान चीन को 1-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरी बार महिला जूनियर एशिया कप का खिताब जीता और एफआईएच जूनियर महिला विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई किया।

टूर्नामेंट में मिडफील्डर के रूप में खेलीं गीता ने अपनी प्रतिभा की विशेष छाप छोड़ी। उन्होंने प्रतियोगिता में कुल चार गोल किए। मलेशिया के विरुद्ध भारत की 11-1 की बड़ी जीत में गीता ने दो गोल दागे, वहीं जापान के खिलाफ 7-0 की जीत में भी उन्होंने दो गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया बोड़ला से भारतीय टीम तक का शानदार सफर गीता ने हॉकी की शुरुआती शिक्षा कोच शिवा चौहान से प्राप्त की।

इसके बाद उन्होंने बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को निखारा। लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर वह राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचीं और बाद में टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम से भी जुड़ीं। गीता ने वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे से अपने अंतरराष्ट्रीय सफर की शुरुआत की। इसके बाद वह अर्जेंटीना तथा इंग्लैंड-स्कॉटलैंड दौरों में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *