भालू के हमले में घायल 55 वर्षीय लक्ष्मण यादव की रायपुर में इलाज के दौरान मौत

Spread the love

गरियाबंद-छुरा ब्लाक के रसेला क्षेत्र के ठेलका दादर जंगल में 20 सितंबर को भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए करीब 55 वर्षीय लक्ष्मण यादव की रायपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। भालू के हमले में चेहरे पर गंभीर चोटें आने के बाद उन्हें पहले जिला अस्पताल लाया गया था।

प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान 28 सितंबर को उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से उनका इलाज चल रहा था।बताया गया कि रसेला निवासी लक्ष्मण यादव 20 सितंबर की सुबह अपने एक साथी के साथ ठेलका दादर जंगल में मशरूम तलाशने गए थे। इसी दौरान अचानक सामने आए भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं। साथ मौजूद युवक ने किसी तरह उन्हें भालू से बचाया और जंगल से बाहर निकालकर गांव तक पहुंचाया।

इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया था। ग्रामीणों के अनुसार रसेला क्षेत्र के जंगलों में इन दिनों भालू की आवाजाही बनी हुई है। एक मादा भालू के अपने दो बच्चों के साथ क्षेत्र में विचरण करने की बात भी सामने आई थी। जंगल में मशरूम और अन्य वन उपज तलाशने जाने वाले ग्रामीणों का वन्यजीवों से आमना-सामना होने का खतरा बना रहता है।

लक्ष्मण यादव की मौत के बाद रसेला सहित आसपास के गांवों में भी चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगल और गांव से लगे क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा ग्रामीणों को वन्यजीवों से बचाव के संबंध में जागरूक करने की मांग की है। विभाग का कहना है कि जंगल जाने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *