पहले निगरानी, फिर डकैती और खेत के रास्ते फरारी… रायपुर में ऐसे पकड़े गए आरोपी

Spread the love

रायपुर। राजधानी रायपुर के हीरापुर स्थित बंद अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में चौकीदार को बंधक बनाकर लाखों रुपये का सामान लूटने के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कबीर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से डकैती का सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहन समेत करीब 17 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। हालांकि, मामले में शामिल अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।

एक सप्ताह तक की रेकी, फिर वारदात को दिया अंजाम

पुलिस के मुताबिक, हीरापुर के तेंदुआ रोड स्थित अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री वर्ष 2020 से बंद है। यहां चौकीदारी करने वाले दिलीप कुमार वर्मा 22 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे ड्यूटी पर थे। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे कई आरोपी फैक्ट्री परिसर में पहुंचे। विरोध करने पर आरोपियों ने चौकीदार के दोनों हाथ पीछे की ओर रस्सी से बांध दिए और उन्हें बंधक बना लिया।

इसके बाद आरोपियों ने कार्यालय और फैक्ट्री में रखे एल्युमिनियम वायर, कॉपर के सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, पैनल कार्ड, कॉपर क्वाइल और नकदी समेत अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

दीवार तोड़कर खेत के रास्ते हुए फरार

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फैक्ट्री की साइड वाली दीवार तोड़कर सामान बाहर ले गए। इसके बाद खेत के रास्ते रिंग रोड की ओर फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कबीर नगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 217/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

हजारों CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन में संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले। आरोपियों के संभावित आने-जाने के रास्तों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग का भी विश्लेषण किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को सरोना, डीडी नगर निवासी संदीप नेताम के संबंध में अहम जानकारी मिली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद अजीत भारती और उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन को भी गिरफ्तार किया गया।

टाटा एस वाहन से ले गए थे लूट का सामान

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात से पहले करीब एक सप्ताह तक बंद फैक्ट्री की रेकी की थी। उन्होंने फैक्ट्री की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी तथा योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया। आरोपी टाटा एस चारपहिया वाहन और स्कूटी से पहुंचे थे। लूटे गए सामान को वाहन में रखकर फरार हो गए।

करीब 17 लाख रुपये का सामान जब्त

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एल्युमिनियम वायर, एल्युमिनियम और कॉपर के सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, पैनल कार्ड और कॉपर क्वाइल बरामद की है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल कटर मशीन, ड्रिल मशीन, टाटा एस वाहन और स्कूटी भी जब्त की गई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई गई है।

तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का पहले भी आपराधिक मामलों से संबंध रहा है। संदीप नेताम चोरी और मारपीट के मामले में, उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन नकबजनी के मामले में तथा अजीत भारती प्रतिबंधात्मक धाराओं से जुड़े प्रकरण में पहले जेल में रह चुके हैं।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

इस वारदात में शामिल कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

गिरफ्तार आरोपी:

1. संदीप नेताम, उम्र 35 वर्ष, निवासी सरोना, रायपुर।2.

अजीत भारती, उम्र 30 वर्ष, निवासी सरोना, रायपुर।

3. उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन, उम्र 27 वर्ष, निवासी देवारपारा सुभाषनगर, रायपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *