राजिम में जुटे यादव समाज के सैकड़ों लोग, मंत्री गजेन्द्र यादव की मौजूदगी में नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण

Spread the love

राजिम। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के राजिम में यादव (ठेठवार) समाज महासभा का भव्य शपथ ग्रहण समारोह सामाजिक एकजुटता और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ। कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव सहित विधायकों की गरिमामयी मौजूदगी में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने समाज की तरक्की, संगठन की मजबूती और सामाजिक विकास के लिए समर्पित भाव से काम करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ठेठवार सामाजिक जनगणना फॉर्म 2027 का भी विधिवत विमोचन किया गया।

मंत्री गजेन्द्र यादव ने दिलाई प्रमुख पदाधिकारियों को शपथ

रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को यादव (ठेठवार) समाज महासभा का कार्यक्रम प्रांतीय मुख्यालय राजिम, जिला गरियाबंद में आयोजित किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, राजिम विधायक रोहित साहू और नगर पालिका परिषद राजिम के अध्यक्ष महेश यादव सहित समाज के वरिष्ठजन और बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु मौजूद रहे।

समारोह का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की आरती और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। पारंपरिक वेशभूषा में अहीर नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। नन्हीं बालिकाओं ने पुष्पवर्षा कर अतिथियों का इस्तकबाल किया। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप अतिथियों को खुरमी और कुलेथा भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में 700 से अधिक लोग शामिल हुए।

संतोष यदु बने प्रांताध्यक्ष, नई कार्यकारिणी ने लिया संकल्प

मुख्य प्रांतीय कार्यकारिणी के नवनिर्वाचित प्रांताध्यक्ष संतोष यदु, महासचिव समेलिया यादव और कोषाध्यक्ष रमन यादव को कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने शपथ दिलाई। वहीं, प्रांतीय कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों, युवा प्रकोष्ठ, महिला प्रकोष्ठ और प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्यों को प्रांताध्यक्ष संतोष यदु ने शपथ दिलाई।

युवा प्रकोष्ठ में उग्रसेन यदु को प्रांताध्यक्ष, बी.पी. यदु को महासचिव और महितोष यादव को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। महिला प्रकोष्ठ में पुष्पा भुवनेश्वर यादव प्रांताध्यक्ष, किरण बलेंद्र यदु महासचिव और सुनीति संतु यादव कोषाध्यक्ष हैं। महासभा के कामकाज को बेहतर ढंग से संचालित करने और संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 100 से अधिक सदस्यों वाली प्रबंध कार्यकारिणी का भी गठन किया गया।

पुराने पदाधिकारियों का सम्मान, पेश की एक साल की कार्ययोजना

समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने पूर्व पदाधिकारियों को फूलमाला पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, पूर्व प्रांताध्यक्ष गुलेंद्र यादव ने भी नई टीम का स्वागत और सम्मान किया। इस दौरान आपसी भाईचारे, सौहार्द और पारस्परिक सहयोग की भावना देखने को मिली।

नवनिर्वाचित प्रांताध्यक्ष संतोष यदु ने समाज के विकास, संगठन की मजबूती और सामाजिक एकता को लेकर आगामी एक वर्ष की कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का संकल्प भी जताया।

सामाजिक जनगणना फॉर्म 2027 का विमोचन

कार्यक्रम का अहम पड़ाव ठेठवार सामाजिक जनगणना फॉर्म 2027 का विमोचन रहा। कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने इसका विधिवत विमोचन किया। इस पहल का उद्देश्य समाज की जनसंख्या, परिवारों की संख्या और अन्य महत्वपूर्ण सामाजिक जानकारियों को व्यवस्थित रूप से संकलित करना है।जनगणना से मिलने वाले आंकड़े भविष्य में सामाजिक विकास, कल्याणकारी गतिविधियों और विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में उपयोगी साबित हो सकते हैं।

सामाजिक एकता और सहयोग का संदेश

प्रदेश मीडिया प्रभारी शशिकांत यदु ने कहा कि समाज की एकजुटता, पारस्परिक सहयोग और संगठित प्रयासों से विकास के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। उन्होंने समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, पदाधिकारियों और समाजजनों के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम का संचालन गजानन यादव गुरुजी और कन्हैया यादव गुरुजी ने किया। समारोह में उपस्थित लोगों के लिए भोजन-प्रसादी की व्यवस्था भी की गई। अंत में महासचिव समेलिया यादव ने सभी अतिथियों, सामाजिक बंधुओं और सहयोगियों का शुक्रिया अदा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *