तीन वाहनों की जोरदार भिड़ंत, 22 वर्षीय युवक की मौत से परिवार में मातम

Spread the love

चंदौली। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। सैयदराजा थाना क्षेत्र के बगही गांव के समीप हाइवा, कंटेनर और पिकअप की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, हाईवे पर एक हाइवा आगे चल रहे कंटेनर से जा टकराया। इसी दौरान पीछे से आ रहा पिकअप वाहन भी दोनों वाहनों से भिड़ गया। तीनों वाहनों के बीच हुई इस जोरदार टक्कर से मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में तबरेज आलम नामक 22 वर्षीय युवक की जान चली गई।

चार लोग गंभीर रूप से घायल

इस दुर्घटना में अरमान, सरोज, इस्ताक खान और पिंटू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई गई।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे की खबर से मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *