दो दिन जीजा के घर मेहमान बनकर रहा, फिर उसी घर में कर दी 37 लाख की चोरी! CCTV ने खोल दी पोल

Spread the love

रायपुर। रिश्तों के भरोसे को तार-तार करने वाली चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ऑनलाइन जुआ खेलने की लत और कर्ज चुकाने की मजबूरी में एक युवक ने अपने ही सगे जीजा के सूने मकान को निशाना बना लिया। आरोपी कोई बाहरी नहीं, बल्कि परिवार का करीबी सगा साला निकला। उसने घर की रेकी करने के बाद दीवार फांदकर मकान में प्रवेश किया और ग्राइंडर मशीन से ताला व लॉकर तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात पार कर दिए। हालांकि पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से करीब 37 लाख रुपये कीमत के 25 तोला सोने के जेवरात बरामद किए गए हैं।

सूने मकान का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम

मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर का है। शिकायतकर्ता अनिल शर्मा कृषि विभाग में तकनीकी विशेषज्ञ के पद पर कोंडागांव में पदस्थ हैं और अपने परिवार के साथ वहीं रहते हैं। रायपुर स्थित उनके मकान के अलग-अलग तल पर परिवार के अन्य सदस्य भी रहते हैं।28 अक्टूबर को मकान की साफ-सफाई के बाद घर में ताला लगाया गया था। 30 अक्टूबर की सुबह उनकी मां ने फोन कर मुख्य दरवाजे का ताला कटा होने और घर में चोरी होने की जानकारी दी। रायपुर पहुंचकर अनिल शर्मा ने देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। कमरे में रखी आलमारी और लॉकर को भी तोड़ दिया गया था। उसमें रखे सोने, चांदी और हीरे के आभूषण के साथ नकदी रकम गायब थी।

CCTV फुटेज ने खोला राज, सगा साला निकला आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति मकान की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश करता और सीढ़ियों से ऊपर जाता दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर उसकी पहचान प्रार्थी के साले प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय के रूप में हुई।पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह लगातार बयान बदलता रहा और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन साक्ष्यों के सामने आखिरकार उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।

पहले घर में रुका, फिर बनाई चोरी की साजिश

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसे ऑनलाइन जुआ खेलने की लत थी और उसके ऊपर काफी कर्ज हो गया था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने अपने जीजा के घर चोरी करने की साजिश रची थी।आरोपी कुछ दिन पहले अपनी बहन के साथ जीजा के घर दो दिन तक रुका था। इसी दौरान उसे घर की आलमारी में रखे सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों तथा नकदी की जानकारी हो गई थी।

उसे यह भी मालूम था कि उसकी बहन कोंडागांव चली गई है और मकान सूना है।इसके बाद उसने मौके का फायदा उठाया। दीवार फांदकर घर में दाखिल हुआ और अपने पास रखी छोटी ग्राइंडर मशीन से दरवाजे की कुंडी व ताला तोड़ दिया। फिर आलमारी का लॉकर तोड़कर कीमती जेवरात और नकदी चोरी कर ली।

शक से बचने के लिए अपनाया शातिर तरीका

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पुलिस और परिजनों को गुमराह करने के लिए शातिर तरीका अपनाया। उसने कुछ आभूषण वहीं छोड़ दिए और कपड़ों को व्यवस्थित तरीके से आलमारी में रख दिया, ताकि चोरी का संदेह तत्काल उस पर न जाए। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

37 लाख के सोने के जेवरात बरामद

पुलिस ने आरोपी प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए करीब 25 तोला सोने के जेवरात बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 37 लाख रुपये बताई गई है। मामले में थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 1004/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी: प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय (31 वर्ष), पिता देवेंद्र पाण्डेय, निवासी पंजाबीपारा, महासमुंद। वर्तमान पता प्रिंस कॉलोनी, लक्ष्मी नगर, टिकरापारा, रायपुर।

पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया कि लालच और ऑनलाइन जुए की लत इंसान को किस हद तक ले जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *