काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा: ट्रैवलर और कंटेनर की टक्कर में 23 लोगों की मौत, कई घायल

Spread the love

असम। असम के काजीरंगा से एक बेहद दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां यात्रियों से भरी एक ट्रैवलर और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में अब तक 23 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि कई अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं। ट्रैवलर में सवार ज्यादातर यात्री छात्र थे।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैवलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री वाहन के अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

NH-715 पर ट्रैवलर और कंटेनर की आमने-सामने भिड़ंत

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा असम के गोलाघाट जिले में काजीरंगा नेशनल पार्क के पास हुआ। रंगाजन इलाके में हाथीकुली चाय बागान के नजदीक नेशनल हाईवे-715 पर ट्रैवलर और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई।

बताया जा रहा है कि ट्रैवलर बोकाखाट से नगांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बचाव अभियान शुरू किया और क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में अब तक 23 लोगों की मौत

शुरुआती जानकारी में हादसे में सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी। इसके बाद पांच और लोगों की मौत की खबर सामने आई। बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 23 हो गई।

गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका के मुताबिक, पुलिस टीम घटनास्थल पर मौजूद है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। घायलों को पहले कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के समय ट्रैवलर में कुल कितने यात्री सवार थे।

हादसे का शिकार ट्रैवलर के खिलाफ 12 चालान का रिकॉर्ड

दुर्घटना के बाद हादसे में शामिल ट्रैवलर वाहन का ट्रैफिक चालान रिकॉर्ड भी सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, वाहन के खिलाफ अब तक 12 चालान जारी किए गए थे। इनमें से 38,500 रुपये का जुर्माना जमा कराया जा चुका था, जबकि 4,000 रुपये का एक चालान बकाया बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, असम में कमर्शियल वाहनों के ओवरस्पीडिंग करने पर 4,000 रुपये तक का जुर्माना निर्धारित है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, हादसे के समय मिनी बस तेज रफ्तार में थी। काजीरंगा नेशनल पार्क के आसपास वाहनों की गति को लेकर विशेष नियम भी लागू हैं। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जताया दुख

इस दर्दनाक हादसे पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस घटना से पूरा राज्य दुखी है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि इस मुश्किल घड़ी में असम के लोग पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *