गुरु तेग बहादुर बलिदान दिवस की छुट्टी में बदलाव, सरकार ने जारी किया आदेश

Spread the love

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरु तेग बहादुर के बलिदान दिवस पर घोषित सार्वजनिक अवकाश की तारीख में बदलाव किया है। पहले यह छुट्टी 24 नवंबर 2026 को निर्धारित की गई थी, लेकिन अब इसे बदलकर 14 दिसंबर 2026 कर दिया गया है। इस संबंध में शासन की ओर से 12 नवंबर 2026 को नया आदेश जारी किया गया है।

शासनादेश के मुताबिक, अब प्रदेश में 14 दिसंबर को सभी सरकारी कार्यालय और शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। यानी स्कूल, कॉलेज और सरकारी दफ्तरों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह संशोधन केवल गुरु तेग बहादुर के बलिदान दिवस से संबंधित अवकाश की तारीख पर लागू होगा। वर्ष 2026 की अन्य सार्वजनिक छुट्टियों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

गुरु तेग बहादुर के बलिदान दिवस पर बदली छुट्टी

यूपी सरकार की ओर से जारी आदेश में पहले घोषित 24 नवंबर की तारीख को संशोधित करते हुए 14 दिसंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस फैसले के बाद प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को छुट्टी की नई तारीख का ध्यान रखना होगा।

महर्षि वाल्मीकि जयंती पर भी घोषित हुआ था सार्वजनिक अवकाश

इससे पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर भी सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की थी। पहले यह निर्बंधित अवकाश की श्रेणी में शामिल था। शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 26 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालय और शैक्षणिक संस्थान बंद रखने का फैसला किया गया था।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के सभी 75 जिलों में महर्षि वाल्मीकि मंदिरों और रामायण से जुड़े प्रमुख स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इनमें दीपदान, रामायण पाठ, भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल थे।

सभी जिलों और तहसीलों में हुए थे कार्यक्रम

महर्षि वाल्मीकि जयंती पर प्रदेश के जनपद, तहसील और विकासखंड स्तर पर भी विभिन्न आयोजन किए गए थे। इन कार्यक्रमों में पूजन-हवन, दीप प्रज्ज्वलन, रामायण पाठ और लव-कुश प्रसंग से जुड़े आयोजन हुए थे।

मुख्यमंत्री की ओर से कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, ध्वनि और सुरक्षा की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इन आयोजनों का उद्देश्य महर्षि वाल्मीकि की रचना रामायण में निहित मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय मूल्यों के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *