छठ पर्व के बीच बड़ी चोरी, अर्घ्य देने गया था परिवार; घर से 2 करोड़ के सोने के जेवरात गायब

Spread the love

पटना: बिहार की राजधानी पटना में छठ महापर्व के दौरान चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। पूरा परिवार जब उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने बैरिया सूर्य मंदिर घाट पहुंचा था, तभी चोरों ने खाली मकान को निशाना बना लिया। चोरों ने दो मंजिला मकान का ताला तोड़कर करीब 2 करोड़ रुपये के सोने के जेवरात चोरी कर लिये। इसके अलावा घर से लगभग 50 हजार रुपये नकद भी गायब हैं। घटना संपतचक के गोपालपुर थाना क्षेत्र स्थित चक बैरिया गांव की बतायी जा रही है।

अर्घ्य देने गया था पूरा परिवार, पीछे से हुई चोरी

जानकारी के मुताबिक, चक बैरिया गांव में स्वर्गीय शिवनाथ सिंह के पुत्र अरुण सिंह और धर्मेंद्र सिंह का दो मंजिला मकान है। सोमवार की सुबह परिवार के सभी सदस्य छठ पूजा के अंतिम दिन सूर्य को अर्घ्य देने बैरिया सूर्य मंदिर घाट गये थे। घर की पहली और दूसरी मंजिल के चार कमरों में ताला लगा हुआ था। इसी दौरान चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर मकान में प्रवेश किया।

चार कमरों को खंगालकर समेटे सोने के जेवर

चोरों ने मकान की दोनों मंजिलों के कमरों में रखी अलमारी, दीवान, पलंग, पेटी और बक्सों के ताले तोड़ दिये। इसके बाद घर में रखे सोने के कीमती जेवरात समेटकर फरार हो गये। बताया जा रहा है कि चोरी गये गहनों में दोनों भाइयों की पत्नियों, बहुओं और माता जी के जेवर शामिल हैं।

हैरानी की बात यह है कि चोरों ने सोने के गहनों के खाली डिब्बे कमरों में ही छोड़ दिये, जबकि चांदी के जेवरात और बर्तनों को हाथ तक नहीं लगाया।

घर लौटे तो टूटा मिला ताला, बिखरा पड़ा था सामान

सूर्य को अर्घ्य देकर जब परिवार के सदस्य वापस लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर पहुंचने पर सभी कमरों के ताले टूटे थे और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। घर से कीमती सोने के गहने और नकदी गायब देखकर परिवार के लोग सदमे में आ गये।

अरुण सिंह ने बताया कि उनकी माता रेणु सिंह और पत्नी कुमारी पूनम देवी ने छठ व्रत रखा था। घर में पर्व को लेकर खुशी का माहौल था, लेकिन चोरी की इस वारदात ने परिवार की खुशियों को गम में बदल दिया। इसके बाद परिवार ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, FSL टीम भी पहुंची

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। मकान में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, लेकिन आसपास के मकानों में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मनोज कुमार के मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी जांच रही है।

गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार के मुताबिक, घटनास्थल पर एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया है। पुलिस चोरी से जुड़े साक्ष्य और सुराग जुटाने में लगी है।

परिचित लोगों पर भी शक, पुलिस कर रही पूछताछ

थानाध्यक्ष के अनुसार, चोरों ने केवल सोने के जेवरात को निशाना बनाया, जबकि चांदी के गहने और बर्तन सुरक्षित छोड़ दिये। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि वारदात में ऐसे लोगों की भूमिका हो सकती है, जिन्हें घर और उसमें रखे कीमती सामान की जानकारी थी।

पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस आशीर्वाद कॉलोनी इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान दूसरी तरफ चक बैरिया में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।

फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है और चोरों की पहचान करने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *