दुर्ग। दुर्ग जिले के अमलेश्वर–खुड़मुड़ा मार्ग पर देर रात संदिग्ध गतिविधियों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ड्यूटी से घर लौट रहे पत्रकार आनन्द राणा को कथित तौर पर कुछ लोगों ने रास्ते में रोकने की कोशिश की। जब पत्रकार ने अपना वाहन नहीं रोका और आगे बढ़ गए, तो पीछे से गाली-गलौज और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। मामले को लेकर पत्रकार ने अमलेश्वर थाने में लिखित शिकायत देकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
15 नवंबर की रात हुई घटना
शिकायत के मुताबिक, घटना 15 नवंबर 2026 की रात करीब 10:20 बजे की है। पत्रकार आनन्द राणा अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास एक नीले रंग के ई-रिक्शा में 2-3 लोग मौजूद थे। इसी बीच झाड़ियों के पीछे से एक अन्य व्यक्ति निकलकर उनकी ओर आया और वाहन रोकने का प्रयास किया।
अचानक हुई इस गतिविधि से अनहोनी की आशंका को देखते हुए पत्रकार ने वाहन नहीं रोका और वहां से आगे निकल गए। आरोप है कि इसके बाद पीछे से उन्हें गालियां दी गईं और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।
पहले भी हो चुकी है रोकने की कोशिश
पत्रकार ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि इससे पहले इसी स्थान पर रात करीब 9:30 बजे स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सवार एक युवक ने उन्हें रोकने का प्रयास किया था। एक ही स्थान पर बार-बार इस तरह की घटनाएं सामने आने से उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पत्रकार ने आशंका जताई है कि देर रात इस मार्ग पर संदिग्ध लोगों का जमावड़ा रहता है, जिससे आम नागरिकों और राहगीरों के साथ भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
थाना प्रभारी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

मामले की शिकायत मिलने के बाद अमलेश्वर थाना प्रभारी ने संज्ञान लेते हुए जांच कराने और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही अमलेश्वर–खुड़मुड़ा मार्ग पर पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की बात भी कही गई है।
रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
पत्रकार आनन्द राणा ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर नियमित रात्रिकालीन पेट्रोलिंग कराई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए, ताकि आम नागरिक बेखौफ होकर आवागमन कर सकें।
अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।