रायपुर। राजधानी रायपुर के गदही तालाब की तस्वीर बदलने के लिए ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ की ओर से पिछले आठ महीने से चलाया जा रहा स्वच्छता एवं जनजागरण अभियान अब बदलाव की मिसाल बन रहा है। लगातार श्रमदान, सफाई और नागरिकों को जागरूक करने की मुहिम से तालाब परिसर को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी कड़ी में आयोजित मेगा स्वच्छता अभियान में विभिन्न जोनों के पदाधिकारियों, सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साह के साथ भागीदारी निभाई।
सफाई से सुरक्षा तक, गदही तालाब को संवारने की पहल
मेगा स्वच्छता अभियान के दौरान तालाब परिसर और पचरी की सफाई की गई। कचरे, प्लास्टिक और झाड़ियों को हटाने के साथ हनुमान मंदिर के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य केवल गंदगी हटाना ही नहीं, बल्कि लोगों में सार्वजनिक स्थलों की देखभाल के प्रति जिम्मेदारी का एहसास पैदा करना भी रहा।तालाब परिसर में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को चालू कराया गया।
इसके अलावा नए बिजली के खंभे लगाए गए और लाइटों के नियमित संचालन के लिए टाइमर सिस्टम स्थापित किया गया। परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए। वहीं, करीब एक हजार जनजागरण पंपलेट वितरित कर नागरिकों से तालाब को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई।
बच्चों के लिए खेल सुविधाएं, परिवारों के लिए बना आकर्षण
गदही तालाब परिसर में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, स्लाइड, सी-सॉ और अन्य खेल उपकरण लगाए गए हैं। इससे यह स्थान बच्चों और परिवारों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है।खुले वातावरण में बच्चों को खेलते और परिवारों को समय बिताते देखकर अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं में उत्साह है। संगठन का प्रयास है कि तालाब परिसर को ऐसा सार्वजनिक स्थल बनाया जाए, जहां लोग स्वच्छ वातावरण में समय बिता सकें और आसपास की साफ-सफाई बनाए रखने के लिए भी प्रेरित हों।
रायपुरा जोन की बैठक में बनी आगामी कार्ययोजना
मेगा स्वच्छता अभियान के साथ रायपुरा जोन की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मौजूदा गतिविधियों, सदस्यों एवं पदाधिकारियों के परिचय, ग्रीन टी-शर्ट की स्थिति और गदही तालाब अभियान की प्रगति पर चर्चा हुई।
आगामी कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए बैनर, पोस्टर और पंपलेट वितरण, जनजागरण गतिविधियों को गति देने तथा नए सदस्यों को संगठन से जोड़ने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने अपने सुझाव भी साझा किए, ताकि अभियान को आगे और व्यापक बनाया जा सके।
विभिन्न जोनों के सदस्यों ने किया श्रमदान
मेगा अभियान में रायपुरा क्षेत्र के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान कर स्वच्छता की इस मुहिम को मजबूती दी। विभिन्न जोनों से पहुंचे ग्रीन आर्मी के सदस्यों और स्थानीय बच्चों की भागीदारी ने आयोजन में खास उत्साह भर दिया।
इस अभियान को सफल बनाने में ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक अमिताभ दुबे, रायपुर जिला अध्यक्ष गुरदीप टुटेजा, ब्लू विंग अध्यक्षा भारती श्रीवास्तव, ग्रीन विंग अध्यक्षा मोनिका बागरेचा, व्हाइट विंग अध्यक्ष श्याम बघेल, रायपुरा जोन अध्यक्ष सुबोधकांत निषाद, सचिव मनीष शर्मा, उपाध्यक्ष मेघराज हरिनखेड़े सहित गोकुल चंद्राकर, डॉ. रेवेंद्र चंद्राकर, विजय हरिनखेड़े, अरविंद यादव, गौतम दास, दुर्गा प्रसाद बिसेन, युवराज चौधरी, आर.वी. मठे, राजेश्वर सैनिक तथा अन्य सदस्यों का योगदान रहा।
इसके अलावा देवपुरी, पुरानी बस्ती, ब्राह्मणपारा और डीडीयू नगर जोन की टीमों सहित सभी सहयोगियों ने अभियान में भागीदारी निभाई। पुलिस प्रशासन, नगर निगम जोन-8, स्मार्ट सिटी और नगर निगम अधिकारी योगेश कडू के सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए संगठन ने आभार जताया।
नागरिकों से की स्वच्छता बनाए रखने की अपील
ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ ने नागरिकों से अपील की है कि वे तालाब में कचरा और प्लास्टिक न फेंकें, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से बचाएं और श्रमदान के जरिए इस जनहित की मुहिम में सहभागी बनें।
संगठन का कहना है कि गदही तालाब को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाए रखने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। इस पहल का संदेश साफ है-सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से सार्वजनिक स्थलों की तस्वीर बदली जा सकती है।
