गरबा के रंग में रंगेगी राजधानी, ‘रायपुर रास सीजन-5’ में आएंगी बॉलीवुड अभिनेत्री अमायरा दस्तूर

Spread the love

रायपुर। राजधानी रायपुर में गरबा और डांडिया का उत्साह एक बार फिर चरम पर पहुंचने वाला है। ‘रायपुर रास’ सीजन-5 का आयोजन 16 और 17 अक्टूबर को होटल बेबीलोन में होगा। इस बार बॉलीवुड अभिनेत्री अमायरा दस्तूर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

आयोजन में पारंपरिक गरबा, छत्तीसगढ़ी संस्कृति, आकर्षक पुरस्कार और सुरक्षा के विशेष इंतजाम मुख्य आकर्षण रहेंगे।आयोजन की जानकारी साझा करने के लिए मंगलवार को प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इसमें आयोजन समिति के अध्यक्ष सार्थक शर्मा ने महोत्सव की तैयारियों और इस वर्ष की खास विशेषताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

गरबा के साथ दिखेगी छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक

‘रायपुर रास’ सीजन-5 में पारंपरिक गुजराती गरबा के साथ छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति को भी खास जगह दी जाएगी। आयोजन की शुरुआत सुआ, ददरिया, करमा और पंथी गीतों की धुनों को पारंपरिक गुजराती गरबा बीट्स के साथ मिलाकर करने की योजना है।

इसके अलावा परिसर में गढ़कलेवा कॉर्नर के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां लोग चीला, फरा, भजिया, खुरमी और अनरसा जैसे छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। आयोजन में बेहतरीन छत्तीसगढ़ी पारंपरिक वेशभूषा और नृत्य के जरिए स्थानीय संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले प्रतिभागियों को ‘बेस्ट छत्तीसगढ़ी ट्रेडिशनल लुक’ अवार्ड भी दिया जाएगा।

केवल पारंपरिक गरबा गीतों पर थिरकेंगे प्रतिभागी

आयोजन समिति के मुताबिक, सांस्कृतिक परंपरा को बनाए रखने के लिए दोनों दिन केवल पारंपरिक गरबा गीत बजाए जाएंगे। बॉलीवुड गानों पर रोक रहेगी। वहीं, कार्यक्रम में प्रवेश के लिए पारंपरिक परिधान अनिवार्य होंगे। वेस्टर्न और कैजुअल कपड़ों में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

आयोजन को पारिवारिक और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष प्रवेश नियम भी निर्धारित किए गए हैं। समिति के अनुसार, कपल्स और ग्रुप एंट्री को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि अकेले पुरुषों यानी स्टैग बॉयज का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

AC हॉल में गरबा, जीतने का मिलेगा शानदार मौका

अक्टूबर की गर्मी और उमस से राहत देने के लिए पूरे आयोजन स्थल को वातानुकूलित रखा जाएगा। इससे प्रतिभागी आरामदायक माहौल में गरबा और डांडिया का आनंद ले सकेंगे।पुरस्कार भी इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण होंगे।

आयोजकों के अनुसार, जैन मोबाइल की ओर से प्रतिभागियों को स्क्रैच कूपन दिए जाएंगे, जिनके जरिए आईफोन और आईपैड जीतने का मौका मिलेगा। वहीं, श्री ट्रेवल्स की ओर से विजेताओं को बाली, स्विट्जरलैंड, श्रीलंका और फुकेत जैसे पर्यटन स्थलों की अंतरराष्ट्रीय यात्राएं पुरस्कार के रूप में दी जाएंगी।

सुरक्षा और चिकित्सा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की गई है। आयोजन स्थल पर सीसीटीवी कैमरे और महिला बाउंसर्स तैनात रहेंगे। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस बल की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों की मेडिकल टीम और एंबुलेंस भी मौके पर उपलब्ध रहेगी।

प्रेसवार्ता में ये लोग रहे मौजूद

प्रेसवार्ता में आयोजन समिति के अध्यक्ष सार्थक शर्मा सहित ऋषभ सोनी, वर्धन पाठक, शशांक ठाकुर, ऋषभ जैन, यश सोनी, प्रतीक कसार, शुभांशु आचार्य, रवि दीक्षित, सिद्धार्थ ठक्कर, मोहित नानवानी, नितिन भंडारकर, यश गोलछा, अमित वर्मा, पलाश बरडिया, अवि चौरसिया, दिव्यांश अग्रवाल और मानस श्रीवास्तव उपस्थित रहे।आयोजन समिति के अनुसार, ‘रायपुर रास’ सीजन-5 में संस्कृति, पारंपरिक संगीत, ग्लैमर, मनोरंजन और आकर्षक पुरस्कारों का संगम देखने को मिलेगा। अब राजधानी के गरबा प्रेमियों को 16 और 17 अक्टूबर का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *