छत्तीसगढ़ के कारोबार को मिलेगी ग्लोबल उड़ान, रायपुर में जुटेंगे देश-विदेश के उद्योग विशेषज्ञ

Spread the love

25 नवंबर को होटल बेबीलोन कैपिटल में होगा ग्लोबल RISE कॉन्फ्रेंस का आयोजन, MSME, AI और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक अवसरों पर होगी अहम चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के व्यापार और औद्योगिक क्षेत्र को नई पहचान दिलाने तथा स्थानीय उद्यमियों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और लुधियाना में सफल आयोजन के बाद अब ग्लोबल RISE कॉन्फ्रेंस का आयोजन 25 नवंबर 2026 को रायपुर के होटल बेबीलोन कैपिटल में किया जाएगा। इस कॉन्फ्रेंस में देश-विदेश के व्यापारिक अवसरों, आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और MSME के विकास की संभावनाओं पर व्यापक विचार-विमर्श होगा।

स्वदेशी व्यापारी मंच के प्रदेश प्रवक्ता आनंद श्रीवास्तव एवं सह मीडिया प्रभारी शंकर सचदेवा ने बताया कि इस आयोजन का प्रमुख मकसद छत्तीसगढ़ के लघु उद्योगों, छोटे एवं मध्यम उद्यमों और व्यापारिक संस्थानों को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ना है। इसके जरिए स्थानीय कारोबारियों को नए अवसरों, निवेश और व्यवसाय विस्तार के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराया जाएगा।

अजय भसीन होंगे मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता

कार्यक्रम में स्वदेशी व्यापारी मंच के प्रदेश संयोजक श्री अजय भसीन मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। वे अपने संबोधन में स्थानीय व्यापार, लघु उद्योगों और MSME की भूमिका, मौजूदा चुनौतियों तथा वैश्विक बाजार में उनकी संभावनाओं पर प्रकाश डालेंगे। साथ ही उद्यमियों को बदलते व्यापारिक परिवेश के अनुरूप अपने व्यवसाय को विकसित करने और प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार रहने का मार्गदर्शन देंगे।

तकनीक और मजबूत वैल्यू चेन से बदलेगी कारोबार की तस्वीर

कार्यक्रम आयोजक संदीपन रे ने कहा कि रायपुर का औद्योगिक आधार मजबूत है, लेकिन अब इसके साथ अधिक मूल्य सृजन करने की आवश्यकता है। तकनीक, मजबूत वैल्यू चेन और बड़े बाजारों तक पहुंच के माध्यम से स्थानीय व्यवसायों को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाया जा सकता है। SMBConnect | The Global RISE के माध्यम से इसी महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा होगी कि रायपुर और छत्तीसगढ़ के उद्योग इन अवसरों का किस प्रकार लाभ उठा सकते हैं।

AI और अंतरराष्ट्रीय बाजार पर होगा मंथन

ग्लोबल RISE कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य छोटे एवं मध्यम उद्यमों को ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां वे उद्योग विशेषज्ञों, निवेशकों, अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रतिनिधियों और तकनीकी विशेषज्ञों से सीधे जुड़ सकें। सम्मेलन में AI आधारित विकास, वैश्विक व्यापारिक अवसरों और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कारोबार के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।

उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियां साझा करेंगी अनुभव

कार्यक्रम में विशेष पैनल डिस्कशन भी आयोजित किया जाएगा। इसमें यूके एवं इटली बिजनेस डेलिगेशन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके उद्योगपति जे.पी. गुप्ता, स्टील उद्योग से जुड़े महेश बंसल और दिनकर बासोटिया अपने अनुभव एवं विचार साझा करेंगे।

इस आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ के उद्यमियों के लिए नए व्यापारिक रास्ते तलाशने, उद्योगों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने और स्थानीय MSME को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की पुरजोर कोशिश की जाएगी।कार्यक्रम कॉर्डिनेटर भोलानाथ सेठ ने प्रदेश के सभी उद्योगपतियों, व्यापारियों और युवा उद्यमियों से इस महत्वपूर्ण बिजनेस सेमिनार में शामिल होकर इसका लाभ उठाने की अपील की है।

कार्यक्रम का समय एवं स्थान:

दिनांक : 25 नवंबर 2026

समय : सुबह 9:30 बजे से

स्थान : होटल बेबीलोन कैपिटल, रायपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *