चालान भरने से पहले जान लें ये तरीका! रायपुर पुलिस ने शुरू की ऐसी सुविधा, फर्जी लिंक से भी मिलेगा बचाव

Spread the love

रायपुर। वाहन चालकों को ई-चालान की जानकारी देने और ऑनलाइन ठगी से महफूज रखने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने एक अनूठी डिजिटल पहल शुरू की है। अब वाहन मालिकों को अपने वाहन पर लंबित चालान की जानकारी हासिल करने के लिए इधर-उधर भटकने या अनजान मैसेज के लिंक पर भरोसा करने की जरूरत नहीं होगी।

यातायात पुलिस ने ‘Know Your Vehicle – अपने वाहन को जानें’ QR कोड अभियान का शुभारंभ किया है। इसकी मदद से नागरिक मोबाइल से एक स्कैन करके परिवहन विभाग के अधिकृत पोर्टल पर पहुंच सकेंगे और अपने वाहन से जुड़े ई-चालान की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

इस पहल का शुभारंभ 31 अक्टूबर 2026 को रायपुर के शांति नगर स्थित ‘विमतारा’ में आयोजित समारोह के दौरान पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले, विभिन्न जोन के पुलिस उपायुक्त और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में QR कोड पोस्टर और डिजिटल माध्यमों का विमोचन भी किया गया।

ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी रोकना है मुख्य मकसद

डिजिटल दौर में यातायात नियमों के उल्लंघन पर ई-चालान सीधे वाहन मालिकों के मोबाइल पर भेजे जाते हैं। लेकिन इसी व्यवस्था का फायदा उठाकर साइबर ठग फर्जी मैसेज और नकली भुगतान लिंक के जरिए लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं।

कई बार वाहन मालिकों को यह भी पता नहीं चल पाता कि उनके वाहन पर वास्तव में कितने चालान लंबित हैं।इसी परेशानी के मद्देनजर रायपुर यातायात पुलिस ने यह नई व्यवस्था लागू की है। QR कोड को सीधे परिवहन विभाग के अधिकृत ई-चालान पोर्टल से जोड़ा गया है। इससे नागरिकों को सही जानकारी मिलेगी और संदिग्ध लिंक के जरिए होने वाली ठगी से बचने में मदद मिलेगी।

पेट्रोल पंप से लेकर थानों तक लगाए जाएंगे QR कोड

इस सुविधा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए रायपुर पुलिस ने शहर के प्रमुख सार्वजनिक और व्यावसायिक स्थानों पर QR कोड उपलब्ध कराने की योजना बनाई है। इसके तहत नगर के सभी पेट्रोल पंप, प्रदूषण जांच केंद्र (PUC), अधिकृत ऑटोमोबाइल शोरूम, प्रमुख बैंक शाखाओं और वित्तीय संस्थानों में QR कोड चस्पा किए जाएंगे।इसके अलावा रायपुर कमिश्नरेट के सभी थानों, यातायात थानों और कार्यालयों में भी यह सुविधा उपलब्ध रहेगी। नागरिक पुलिस कमिश्नरेट के आधिकारिक फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स सोशल मीडिया पेज से भी QR कोड प्राप्त कर सकेंगे।

मोबाइल से ऐसे चेक करें अपने वाहन का ई-चालान

यातायात पुलिस के मुताबिक, वाहन मालिक बेहद आसान तरीके से अपने लंबित चालान की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

1. सबसे पहले अपने मोबाइल कैमरे से ‘Know Your Vehicle’ QR कोड स्कैन करें।

2. इसके बाद परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट खुलेगी। वहां ‘Pay Challan’ विकल्प चुनें।

3. अपना वाहन नंबर या चालान नंबर दर्ज करें और कैप्चा भरें।

4. स्क्रीन पर आपके वाहन से संबंधित लंबित चालानों की सूची दिखाई देगी।

5. जिस चालान का भुगतान करना है, उसे चुनकर ‘Pay Now’ पर क्लिक करें।

6. डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या UPI के माध्यम से भुगतान पूरा करें और उसकी ई-रसीद डाउनलोड कर सुरक्षित रखें।

फर्जी लिंक से बचें, केवल सरकारी पोर्टल पर करें भुगतान

रायपुर यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ई-चालान के नाम पर आने वाले किसी भी अज्ञात मैसेज या संदिग्ध लिंक पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। चालान की जांच और भुगतान के लिए केवल अधिकृत QR कोड अथवा परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें।

आधिकारिक वेबसाइट: https://echallan.parivahan.gov.in

यातायात हेल्पलाइन नंबर: 9479210632

पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की भी अपील की है। इस पहल से डिजिटल भुगतान में पारदर्शिता बढ़ने के साथ आम नागरिकों को साइबर ठगी से बचाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *