रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मोतीबाग स्थित प्रेस क्लब परिसर में हवाई फायरिंग और धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
प्रेस क्लब पदाधिकारियों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई पिस्तौल, एक खाली खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
प्रेस क्लब परिसर में की गई हवाई फायरिंग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे मोतीबाग स्थित प्रेस क्लब परिसर में पिस्तौल से हवाई फायरिंग करने और धमकी देने की शिकायत मिली थी। घटना की संजीदगी को देखते हुए प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने थाना कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई
शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 410/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 और 351(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया।
पिस्तौल, खाली खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी से कथित तौर पर घटना में इस्तेमाल की गई पिस्तौल, एक खाली खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले की तफ्तीश जारी है। घटनाक्रम की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।