रायपुर। राजधानी में नवरात्रि के उत्साह के बीच पारंपरिक डांडिया और गरबा का लोकप्रिय आयोजन ‘रंगीलो रास गरबा’ 14 से 19 अक्टूबर तक जैनम मानस भवन में आयोजित किया जाएगा। छह दिवसीय इस उत्सव में पारंपरिक गरबा संगीत, आकर्षक परिधान, छत्तीसगढ़ी संस्कृति और शानदार उपहार प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
आयोजन को लेकर बुधवार को प्रेसवार्ता आयोजित कर समिति ने तैयारियों और विशेष व्यवस्थाओं की जानकारी दी।आयोजन समिति के संस्थापक नीलेश मुंदड़ा ने बताया कि शहरवासियों की सुविधा और बढ़ते यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष आयोजन स्थल में बदलाव किया गया है। जैनम मानस भवन में पर्याप्त पार्किंग और विशाल लॉन की व्यवस्था की गई है, जिससे प्रतिभागी और दर्शक गरबा का आनंद ले सकेंगे।
छत्तीसगढ़ी संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों की झलक
आयोजन में इस बार छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं को विशेष महत्व दिया जाएगा। संस्थापक नीलेश मुंदड़ा के अनुसार, मंच पर बस्तर कला की कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी, ताकि युवाओं को प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का अवसर मिले।
इसके साथ ही गढ़कलेवा कॉर्नर में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी मिलेगा। यहां चीला, फरा, भजिया, खुरमी और अनरसा जैसे स्थानीय पकवान उपलब्ध कराने की योजना है। आयोजन में उत्कृष्ट पारंपरिक वेशभूषा और नृत्य के माध्यम से छत्तीसगढ़ी संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले प्रतिभागियों के लिए ‘बेस्ट छत्तीसगढ़ी ट्रेडिशनल लुक’ पुरस्कार भी रखा गया है।
पारंपरिक गरबा संगीत और ड्रेस कोड अनिवार्य
‘रंगीलो रास गरबा’ में सांस्कृतिक परंपरा को बनाए रखने के लिए केवल पारंपरिक गरबा गीत बजाए जाएंगे। समिति के मुताबिक, बॉलीवुड गानों पर रोक रहेगी। वहीं, आयोजन स्थल में प्रवेश के लिए पारंपरिक परिधान अनिवार्य होंगे। वेस्टर्न और कैजुअल कपड़ों में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।समिति ने कार्यक्रम में पारिवारिक और सुरक्षित माहौल बनाए रखने पर भी जोर दिया है। प्रवेश व्यवस्था के तहत कपल्स और ग्रुप को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि अकेले पुरुषों (स्टैग बॉयज) के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
प्रवेश द्वार पर तिलक लगाने की व्यवस्था
आयोजन समिति ने बताया कि प्रवेश द्वार पर आने वाले प्रतिभागियों को तिलक लगाया जाएगा। समिति के अनुसार, यह निर्णय हिंदू समाज की परंपराओं और संस्कृति को बढ़ावा देने तथा युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से लिया गया है।
लाखों के उपहार और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
आयोजन में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को प्रायोजकों की ओर से लाखों रुपये के उपहार दिए जाने की जानकारी भी समिति ने दी है। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और महिला बाउंसर्स तैनात रहेंगे।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों की मेडिकल टीम और हेल्थ पार्टनर की दो एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है। समिति का कहना है कि सुरक्षा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आकर्षक पुरस्कारों के साथ यह आयोजन रायपुरवासियों को विशेष अनुभव देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
प्रेसवार्ता में ये रहे उपस्थित
प्रेसवार्ता में नीलेश मुंदड़ा, कपिल दोषी, मारुति काबरा, सीए अमित राठी, राजीव मुंदड़ा, आर्या दुबे, राम वाधवानी, अणुव्रत खटोर, अमर धिंगानी, शरद सारडा, विकास आहूजा और राकेश अग्रवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।