रायपुर। भारतीय बौद्ध महासभा के प्रतिनिधिमंडल द्वारा दिनांक 04 अक्टूबर 2026 को थाना प्रभारी आयुष्मती अर्चना धुरंधर , पुलिस थाना आजाद चौक, रायपुर से मुलाकात कर समता कॉलोनी स्थित एक स्पा सेंटर के बाहर तथागत भगवान गौतम बुद्ध के छायाचित्र के साथ मसाज करते हुए व्यक्ति का छायाचित्र एक ही पोस्टर में प्रदर्शित किए जाने के संबंध में जानकारी दी गई।
प्रतिनिधिमंडल द्वारा आजाद चौक थाना क्षेत्र के अंतर्गत संचालित स्पा एवं मसाज सेंटरों में तथागत भगवान गौतम बुद्ध के छायाचित्रों के उपयोग की जांच कर उन्हें हटवाने के संबंध में थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी आयुष्मती अर्चना धुरंधर द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित स्पा सेंटर के संचालक को थाने में बुलाया गया तथा उक्त पोस्टर को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए।
भारतीय बौद्ध महासभा ने पुलिस प्रशासन द्वारा मामले में तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई किए जाने पर साधुवाद एवं आभार व्यक्त किया तथा कहा कि तथागत भगवान गौतम बुद्ध के छायाचित्र एवं प्रतीकों का उपयोग सम्मानजनक एवं उचित संदर्भ में ही किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर भारतीय बौद्ध महासभा युवा विंग के अध्यक्ष आयुष्मान प्रफुल्ल मेश्राम जी, महासचिव आयुष्मान अरुण बागड़े जी, उपाध्यक्ष आयुष्मान अरजू रामटेके जी, सचिव आयुष्मान आदित्य रामटेके जी, सचिव आयुष्मती श्वेता मेश्राम जी, पंचशील बौद्ध संघ की पूर्व अध्यक्ष आयुष्मती अरुणा मेश्राम जी एवं अरुणा राव जी उपस्थित रहे।
भारतीय बौद्ध महासभा की ओर से मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने के लिए थाना प्रभारी एवं पुलिस प्रशासन का बहुत-बहुत साधुवाद एवं आभार।