गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। विजय नगर थाने के अंदर 20 वर्षीय युवक आयुष पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल आयुष को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, सर्वोदय नगर निवासी यशपाल का बेटा आयुष नोएडा की एक निजी कंपनी में काम करता था। बुधवार शाम करीब 6 बजे वह भैया दूज मनाकर घर लौटा था। इसी दौरान चरण सिंह कॉलोनी निवासी सोनू ने अपने साथियों के साथ उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों की सूचना पर विजय नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर सोनू के साथी वहां से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस आयुष और सोनू को थाने ले आई। इसी दौरान आरोप है कि थाने के अंदर सोनू ने आयुष के सीने पर चाकू से वार कर दिया। घायल आयुष जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी सोनू को पकड़ लिया।
परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
आयुष के छोटे भाई अमन का आरोप है कि इससे पहले 6 नवंबर को भी दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। उस समय पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर गई थी, लेकिन कार्रवाई करते हुए आयुष को ही जेल भेज दिया गया था।
अमन ने यह भी आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोग लगातार उसके भाई को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। परिवार ने पुलिस से शिकायत भी की थी, लेकिन उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस की भूमिका की भी होगी जांच
एसीपी कोतवाली उपासना पांडे के मुताबिक, परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी सोनू को हिरासत में लिया गया है। वहीं डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच होगी।
फिलहाल इस घटना ने पुलिस सुरक्षा और थाने के भीतर हुई वारदात को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।