बलरामपुर– कोदौरा पुलिस चौकी क्षेत्र में एक युवक की हत्या के बाद उसके सिर और धड़ को अलग-अलग जगहों पर फेंकने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। जंगल में कटा हुआ सिर मिलने के बाद पुलिस ने तफ्तीश तेज की और महज 24 घंटे में वारदात की पूरी कड़ी जोड़ते हुए महिला और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया।
जंगल में मिला था युवक का कटा सिर
मामला कोदौरा पुलिस चौकी क्षेत्र का है। सोमवार को जंगल में एक युवक का कटा हुआ सिर मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।पुलिस ने आसपास के इलाके में युवक के बाकी शव की तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान झाड़ियों से युवक का धड़ भी बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पहचान और हत्या के कारणों की जांच शुरू की।
वसीम की हत्या की ऐसे रची गई साजिश
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान वसीम के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि वसीम महिला पर संबंध बनाने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। इससे परेशान होकर महिला ने अपने पति को पूरी बात बताई।इसके बाद महिला और उसके पति ने कथित तौर पर वसीम की हत्या करने की योजना बनाई।
फोन कर घर बुलाया, फिर कर दी हत्या
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर को महिला ने फोन कर वसीम को अपने घर बुलाया था। वसीम अपने परिवार को टमाटर लोड कराने जाने की बात कहकर घर से निकला था।महिला के घर पहुंचने के बाद महिला और उसके पति ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से वसीम पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपियों ने शव का सिर धड़ से अलग कर दिया और दोनों हिस्सों को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया।
24 घंटे में पुलिस ने सुलझाया मामला
जंगल में कटा हुआ सिर मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तफ्तीश तेज कर दी। पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ और अन्य सुरागों के आधार पर महिला और उसके पति तक पहुंच बनाई।पुलिस का दावा है कि महज 24 घंटे के भीतर पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।